Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

कॉकपिट में हमले के बाद भी नहीं हारे भारतीय कैप्टन, गंभीर रूप से घायल स्मित मच्छर ने बचाईं 174 जानें, Flydubai विमान की तबूक में इमरजेंसी लैंडिंग

शिल्पांचल टुडे, नई दिल्ली।

दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को जो हुआ उसने सबकी सांसें रोक दीं। कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और 174 लोगों की जान बचा ली।

रिपोर्टों के मुताबिक, उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन पर हमला कर दिया, जिसके बाद विमान ने अचानक करीब 14,000 फीट की ऊंचाई खो दी। स्थिति बेहद खतरनाक हो गई थी।

फर्श पर गिरकर भी खोला कॉकपिट का दरवाजा

हमले में कैप्टन मच्छर गंभीर रूप से घायल होकर कॉकपिट के फर्श पर गिर गए थे। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही बाहर मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को अंदर आने का मौका मिला और उन्होंने हमलावर को काबू में कर लिया।

एक यात्री और एक डॉक्टर ने तुरंत घायल कैप्टन की मदद की। विमान में सफर कर रहे अन्य अनुभवी पायलटों ने भी कॉकपिट संभाला और विमान को कंट्रोल किया। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 174 यात्री सुरक्षित हैं।

PM मोदी ने कहा – हीरो हैं स्मित मच्छर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छर के साहस की सराहना की और उन्हें हीरो बताया। उन्होंने परिवार से फोन पर बात कर जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन की बहादुरी को सलाम किया।

भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, कैप्टन का तबूक में इलाज चल रहा है और उनकी हालत अब स्थिर है।

कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छर?

मुंबई से ताल्लुक रखने वाले स्मित मच्छर अनुभवी पायलट हैं। उन्होंने 15 साल के करियर में 9750 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी है। वह पहले SpiceJet में थे और 2022 में Flydubai से जुड़े। उन्होंने न्यूजीलैंड में ट्रेनिंग ली थी।

फिलहाल घटना के कारणों की जांच जारी है।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *