आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स की सराहनीय पहल: मुर्गासोल चेंबर भवन में लगा विशेष फूड लाइसेंस कैंप, सैकड़ों खाद्य व्यवसायियों को मिला लाभ
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
खाद्य व्यवसायियों की सुविधा के लिए आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स ने एक बड़ी पहल की है। बुधवार को चेंबर भवन, मुर्गासोल में एक विशेष फूड लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे दिन व्यवसायियों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस कैंप में इस अंचल के सैकड़ों खाद्य व्यवसायियों ने भाग लेकर मौके पर ही अपने फूड लाइसेंस बनवाए और नवीनीकरण कराया।
चेंबर की ओर से बताया गया कि व्यवसायियों को सभी आवश्यक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने और लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से इस कैंप का आयोजन किया गया था। अक्सर छोटे खाद्य व्यवसायियों को लाइसेंस के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं, इसी समस्या को देखते हुए चेंबर ने यह सुविधा अपने भवन में ही उपलब्ध कराई।
इस कैंप में फूड सेफ्टी विभाग से फूड सेफ्टी ऑफिसर सुकृति मुखर्जी एवं अजय भंडारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने व्यवसायियों को फूड लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रिया, FSSAI के नियमों और स्वच्छता मानकों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया और सभी को सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सभी कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे और पूरे आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। कैंप की सफलता से क्षेत्र के खाद्य व्यवसायियों में खुशी की लहर है। व्यवसायियों ने कहा कि चेंबर ने उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान बेहद सरल तरीके से कर दिया है।
सफल आयोजन के लिए व्यवसायियों ने आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा और पूरी टीम को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कैंप लगाते रहने की मांग की।














