आसनसोल: धेमोमेन कोलियरी में दुर्गापूजा मेले को लेकर विवाद में फायरिंग, TMC नेता के करीबी समेत 7 गिरफ्तार, हथियारों की तलाश में बिहार जाएगी पुलिस
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल
आसनसोल के धेमोमेन कोलियरी इलाके में दुर्गापूजा मेला लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंगलवार रात करीब 8 से 9 राउंड फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि एक भाजपा नेता को निशाना बनाकर गोली चलाई गई।
घटना के बाद आसनसोल दक्षिण थाना में लिखित शिकायत दर्ज हुई। शिकायतकर्ता 5 नंबर धवरा, धेमोमेन निवासी पवन मंडल बताए गए हैं।
पुलिस का बड़ा एक्शन
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में तृणमूल नेता रोहित नोनिया का करीबी बताया जाने वाला विनोद साव भी शामिल है। गुरुवार को सभी आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया।
अब बिहार और झारखंड तक जाएगी जांच
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर 7 आरोपियों को पकड़ा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस उन्हें बिहार के मुंगेर और लखीसराय ले जाएगी, जहां इस मामले के मुख्य फरार आरोपी रोहित नोनिया, संजय नोनिया और सुजीत सिंह के छिपे होने की सूचना है। पुलिस घटना में इस्तेमाल हुई बंदूक और रिवॉल्वर भी बरामद करेगी।
पुलिस को अभी भी धर्मेंद्र मंडल, गौतम मंडल, पंकज मंडल, चारु पासी, अमरजीत नोनिया, प्रभु नोनिया, प्रीतम नोनिया और गोबर्धन नोनिया की तलाश है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी अपने गृह राज्य झारखंड या बिहार भाग गए हैं।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई है।














