सीतारामपुर: नियामतपुर पुलिस की पहल, हरिहर बालिका विद्यालय में पॉक्सो और साइबर अपराध पर जागरूकता शिविर
शिल्पांचल टुडे सीतारामपुर।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कुल्टी थाना के नियामतपुर फाड़ी पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। नियामतपुर स्थित श्री हरिहर बालिका विद्यालय में पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराध को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से आसनसोल महिला थाना प्रभारी स्नेहनीता मंडल, नियामतपुर फाड़ी प्रभारी उत्पल घोषाल, हरिहर बालिका विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रूपाली कुमारी, अवर निरीक्षक निबीर बनर्जी और सहायक अवर निरीक्षक अरिंदम घोषाल उपस्थित रहे।
गुड टच और बैड टच की दी जानकारी
महिला थाना प्रभारी स्नेहनीता मंडल ने छात्राओं को विस्तार से पॉक्सो एक्ट के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हर छात्रा को गुड टच और बैड टच में फर्क पता होना चाहिए। जो स्पर्श आपको असहज करे, वह बैड टच है। सिर्फ गलत तरीके से छूना ही नहीं, बल्कि गलत नजर से देखना या अभद्र टिप्पणी करना भी इसी श्रेणी में आता है।
उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई घटना आपके साथ या आपके आसपास होती है, तो घबराएं नहीं। तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक और पुलिस को बताएं। पुलिस द्वारा दिए गए टोल फ्री नंबर पर संपर्क करें। पॉक्सो एक्ट 18 साल से कम उम्र की बच्चियों की सुरक्षा के लिए है और इस पर तुरंत कार्रवाई होती है।
उन्होंने छात्राओं को भावनात्मक रूप से भी जागरूक किया और कहा, “लाइफ में डिलीट बटन नहीं होता।” कम उम्र में भावुक होकर कोई ऐसा कदम न उठाएं जिससे भविष्य खराब हो। कई बार शादी का झांसा देकर ब्लैकमेल किया जाता है और बाद में फोटो वायरल करने की धमकी दी जाती है। इसलिए पहले अपने पैरों पर खड़े हों और ऐसा मुकाम हासिल करें जिससे माता-पिता को गर्व हो।
बाल विवाह पर उन्होंने कहा कि बाल विवाह में परिवार के साथ-साथ पंडित, पंडाल और लाइट वाले पर भी कार्रवाई होगी। अगर कहीं बाल विवाह हो रहा है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
साइबर अपराध से बचने के टिप्स
नियामतपुर फाड़ी प्रभारी उत्पल घोषाल ने कहा कि निर्भया कांड के बाद पॉक्सो कानून को और मजबूत किया गया है। उन्होंने साइबर अपराध को लेकर कहा कि अपनी निजी जानकारी और OTP किसी के साथ शेयर न करें।
उन्होंने बताया कि पुलिस साइबर अपराध रोकने के लिए लगातार काम कर रही है। नियामतपुर के मोचीपाड़ा में अब तक दो दर्जन से अधिक साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक समय जामताड़ा साइबर अपराध का केंद्र था, लेकिन नियामतपुर भी उसके करीब पहुंच गया था, जिसकी कमर तोड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और जागरूकता अभियान चला रही है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रूपाली कुमारी ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम हर स्कूल में होने चाहिए, इससे छात्राओं का मनोबल बढ़ता है।














