कुल्टी में दौड़ा जोश और जुनून, KULTI NEXT GEN मैराथन में उमड़ा युवाओं का सैलाब, मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने बढ़ाया हौसला
शिल्पांचल टुडे कुल्टी।
युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और नशा मुक्त जीवन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य मैराथन का आयोजन किया गया। KULTI NEXT GEN के तत्वावधान में आयोजित इस मैराथन में स्कूली छात्रों से लेकर युवाओं तक सैकड़ों प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।
सुबह होते ही कुल्टी की सड़कें “स्वस्थ युवा, सशक्त समाज” के नारों से गूंज उठीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुल्टी के विधायक एवं राज्य के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार रहे। उन्होंने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी कुछ दूरी तक युवाओं के साथ दौड़कर उनका मनोबल बढ़ाया।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए डॉ. अजय पोद्दार ने कहा, “आज का युवा ही कल का भविष्य है। ऐसे आयोजन युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक मानसिकता पैदा करते हैं। फिटनेस सिर्फ शरीर के लिए नहीं, बल्कि मन और सोच के लिए भी जरूरी है। स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और सशक्त कुल्टी का निर्माण कर सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है और KULTI NEXT GEN जैसी संस्थाओं की यह पहल सराहनीय है।
मैराथन में भाग लेने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह देखा गया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें एक नई ऊर्जा मिलती है। अंत में सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस मैराथन का मुख्य संदेश युवाओं को मोबाइल और नशे की लत से दूर कर मैदान से जोड़ना है।














