आसनसोल में कांग्रेस ने मनाई बापू की 157वीं जयंती, मोहिशिला में गांधी प्रतिमा पर दी श्रद्धांजलि, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
शिल्पांचल टुडे आसनसोल।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को कांग्रेस की ओर से आसनसोल के मोहिशिला स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए सत्य, अहिंसा और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश कमेटी सचिव प्रसेनजीत पुइतांडी, शम्पा सरकार, शाह आलम खान, अरूप मुखर्जी, राहुल रंजन, उत्तम घोष, सुप्रियो मुखर्जी, गुड्डू बर्मन, मो. आजाद, दानिश इकबाल, एजाज अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
क्या बोले नेता?
प्रसेनजीत पुइतांडी ने कहा, “गांधी जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, एक विचारधारा हैं। आज देश में नफरत और हिंसा का माहौल है, ऐसे में बापू के सत्य और अहिंसा के विचार और भी प्रासंगिक हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा गांधी जी के विचारों को लेकर चली है और हम युवाओं को उनके आदर्शों से जोड़ने का काम कर रहे हैं। बापू को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम देश में शांति और एकता बनाए रखें।”
महिला कांग्रेस नेत्री शम्पा सरकार ने कहा, “बापू ने हमें सिखाया कि स्वच्छता और आत्मनिर्भरता ही देश को आगे ले जा सकती है। आज उनकी जयंती पर हमने संकल्प लिया है कि हम उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में जागरूकता फैलाएंगे। महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में बराबरी का दर्जा दिलाने में गांधी जी के विचार आज भी प्रेरणा देते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता के सपनों के भारत को बनाने का संकल्प लिया।














