बड़ी खबर – मुर्शिदाबाद में TMC विधायक बायरन विश्वास के घर में भीषण आग, हादसे में झुलसे विधायक, अस्पताल में भर्ती
शिल्पांचल टुडे, मुर्शिदाबाद।
मुर्शिदाबाद से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। सागरदिघी के विधायक बायरन विश्वास शनिवार को एक बड़े हादसे का शिकार हो गए। उनके धुलियान स्थित आवास में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें विधायक खुद झुलस गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय विधायक घर के अंदर ही मौजूद थे। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
अस्पताल में भर्ती, समर्थकों में चिंता
घटना के बाद विधायक को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल उनकी हालत को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन का इंतजार है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार वह झुलस गए हैं।
खबर फैलते ही विधायक के आवास के बाहर समर्थकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे इलाके में चिंता का माहौल है।
आग लगने का कारण अभी रहस्य
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर घर में आग लगी कैसे? आग लगने की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस और दमकल की टीम मामले की गहन जांच कर रही है। आग पर काबू पाने के बाद घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि बायरन विश्वास 2023 में सागरदिघी उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने थे, बाद में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए और 2026 के विधानसभा चुनाव में TMC के टिकट पर ही सागरदिघी से जीत हासिल की।














