आसनसोल के Bengal Homeopathic College में दीक्षांत समारोह, मंत्री अग्निमित्रा पॉल बोलीं – डॉक्टर बनना पेशा नहीं, मानवता की सेवा है
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
आसनसोल के इस्माइल स्थित Bengal Homeopathic Medical College & Hospital में शनिवार को खुशी और गर्व का माहौल रहा। यहां नवोदित चिकित्सकों के लिए दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री एवं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल उपस्थित रहीं। उन्होंने दीक्षांत समारोह में शामिल होकर नए डॉक्टरों का हौसला बढ़ाया।
नए डॉक्टरों को दी भविष्य की शुभकामनाएं
अपने संबोधन में अग्निमित्रा पॉल ने सभी नवोदित चिकित्सकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “आज आप लोगों ने शिक्षा और प्रशिक्षण का एक कठिन और महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा किया है। अब आप शिक्षा की दुनिया से निकलकर सेवा की दुनिया में कदम रख रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं है, बल्कि यह लोगों की सेवा और मानवता से जुड़ी एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। एक डॉक्टर के लिए डिग्री के साथ-साथ मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार सबसे ज्यादा जरूरी है।
मानवता ही सबसे बड़ी दवा
मंत्री ने उम्मीद जताई कि नए चिकित्सक अपने ज्ञान, दक्षता और समर्पण के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे ही संवेदनशील और समर्पित डॉक्टरों की जरूरत है।
दीक्षांत समारोह के दौरान नए डॉक्टरों में अपने पेशेवर जीवन की नई शुरुआत को लेकर खासा उत्साह देखा गया। यह दिन उनके लिए एक अध्याय के खत्म होने और एक नई जिम्मेदार पारी की शुरुआत का प्रतीक बन गया।














