नियामतपुर में रात 1:30 बजे मचा हड़कंप, अपार्टमेंट की पार्किंग में लगी भीषण आग, 6 बाइक-कार जलकर खाक, पुलिस की गश्त ने बचाई सैकड़ों जानें
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
नियामतपुर में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर फांड़ी के ठीक पीछे स्थित एक बहुमंजिला आवासीय अपार्टमेंट की पार्किंग में रात करीब 1:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरा परिसर काले धुएं से भर गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस की गश्त के कारण बची जानें
गनीमत रही कि उसी समय नियामतपुर फांड़ी की RG रात्रि गश्ती टीम इलाके में घूम रही थी। पुलिसकर्मियों की नजर अचानक अपार्टमेंट से उठती आग की लपटों पर पड़ी। अगर पुलिस 5 मिनट भी लेट होती तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि रात के समय सभी लोग गहरी नींद में थे।
पुलिस टीम ने बिना देर किए तुरंत अपार्टमेंट में घुसकर लोगों को जगाना शुरू किया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। आग और घने धुएं के बीच पुलिस ने जिस बहादुरी से काम किया, उसकी हर कोई तारीफ कर रहा है।
6 बाइक और 1 कार जलकर राख
सूचना मिलते ही आसनसोल दमकल विभाग की टीम 20 मिनट में मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक पार्किंग में खड़ी 6 मोटरसाइकिल और 1 कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। राहत की बात है कि इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।
आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिंह महापात्र और एसीपी शेख जावेद हुसैन भी रात में ही मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।














