Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

टलमलाती साइकिल पर मंत्री ने मारी एंट्री, फिर बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर खाया मिड-डे मील – रानीगंज में दिखा अनोखा नजारा

शिल्पांचल टुडे, रानीगंज ।

रानीगंज के बल्लभपुर रामगोपाल सराफ विद्यापीठ में शनिवार को कुछ ऐसा हुआ जिसने सभी का दिल जीत लिया। साइकिल के पहिए में हवा कम थी, चारों तरफ सुरक्षा कर्मी और समर्थकों की भीड़ थी, तभी छात्रों ने एक साथ आवाज लगाई – “दीदी, एक बार साइकिल चलाइए ना!”

छात्रों की इस मासूम सी मांग को राज्य की नगरपालिका एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल टाल नहीं सकीं। उन्होंने उसी कम हवा वाली साइकिल पर स्कूल परिसर का चक्कर लगाया। मंत्री को साइकिल चलाते देख पूरा स्कूल तालियों से गूंज उठा।

बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील

इतना ही नहीं, मंत्री ने इसके बाद एक और दिल छू लेने वाला काम किया। वह सीधे मिड-डे मील की कतार में बच्चों के साथ जमीन पर बैठ गईं और उनके साथ थाली में दाल-भात खाया। मंत्री को अपने बीच खाता देख बच्चे बेहद उत्साहित हो गए।

‘सबुज साथी’ की जगह अब ‘सारथी’ योजना

दरअसल, शनिवार को यहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की नई ‘सारथी’ योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम था। नई सरकार ने पुरानी ‘सबुज साथी’ योजना का नाम बदलकर ‘सारथी’ कर दिया है। इसी कार्यक्रम में मंत्री अग्निमित्रा पाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची थीं।

आसनसोल में फिर बनेगी साइकिल, बंद फैक्ट्रियां खुलेंगी

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने शिल्पांचल के लिए तीन बड़े ऐलान भी किए:

1. आसनसोल में बनेगी साइकिल: उन्होंने कहा कि छात्रों को दी जाने वाली साइकिलें अब बाहर से नहीं, बल्कि बंगाल में ही बनेंगी। इसके लिए आसनसोल में बंद पड़ी साइकिल फैक्ट्री को फिर से शुरू किया जाएगा।

2. बल्लभपुर की बंद मिलें होंगी चालू: बल्लभपुर की बंद पड़ी पेपर मिल, बाल्को फैक्ट्री और कॉटन मिल को दोबारा चालू करने के लिए उद्योग विभाग से बात की जाएगी। अगर पुराने मालिक नहीं चला पाए तो किसी नई कंपनी को लाकर इसे चालू कराया जाएगा।

3. स्कूलों में स्मार्ट क्लास: क्षेत्र के सभी स्कूलों में जल्द स्मार्ट क्लास और खराब सड़कों की मरम्मत का भी आश्वासन दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *