रानीगंज में रक्तदान महायज्ञ, सेवा संकल्प अभियान के तहत 150 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य
शिल्पांचल टुडे रानीगंज।
जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के लिए रानीगंज के लोग आगे आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को रानीगंज के तिलक पुस्तकालय में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 150 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं की लंबी कतार देखने को मिली। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और मानवता की मिसाल पेश की।

वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष शर्मा की पहल पर आयोजित इस शिविर में आसनसोल सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष देबतानु भट्टाचार्य और आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी रक्तदाताओं की पहले स्वास्थ्य जांच की गई, उसके बाद डॉक्टरों की टीम ने सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया।
मौके पर मौजूद नेताओं ने कहा कि सड़क हादसा, ऑपरेशन, प्रसव या गंभीर बीमारी के दौरान एक यूनिट खून किसी की जिंदगी बचा सकता है। ब्लड बैंक में खून की कमी न हो, इसके लिए ऐसे शिविरों का लगातार आयोजन बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर दिनेश सोनी, देबजीत खान, राजेंद्र प्रसाद खेतान, अभिक मंडल, तपन चक्रवर्ती, मोनू वर्मा, रवि केसरी, मदन त्रिवेदी, देबू केउरा, शताब्दी चटर्जी, कदम माजी, सरबजीत सिंह ओबेरॉय सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।














