कोलकाता में स्वच्छता को बढ़ावा, बेहाला में 3 अहम प्रोजेक्ट्स की शुरुआत – कॉम्पैक्टर स्टेशन और ग्रीनबेल्ट से बदलेगी तस्वीर
शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
बेहाला पूर्व और बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। नागरिक सुविधाओं और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण नगर निगम परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम में खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खान, विधायक शंकर सिकदार और कोलकाता नगर निगम की म्यूनिसिपल कमिश्नर स्मिता पांडे (IAS) के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिन तीन परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ है, उनमें सखेरबाजार में अत्याधुनिक Waste Compactor Station, एक बड़े जलाशय का जीर्णोद्धार और ग्रीनबेल्ट का निर्माण, तथा राममोहन राय रोड पर एक और आधुनिक Scientific Waste Compactor Station शामिल है।
अधिकारियों के मुताबिक इन परियोजनाओं से कचरा प्रबंधन प्रणाली ज्यादा वैज्ञानिक और सुव्यवस्थित होगी। कॉम्पैक्टर स्टेशनों के शुरू होने से कचरा खुले में नहीं रहेगा और बदबू व गंदगी की समस्या कम होगी। साथ ही जलाशय के पुनरुद्धार से जल संरक्षण होगा और ग्रीनबेल्ट से इलाके में हरियाली बढ़ेगी।
नगर निगम का कहना है कि स्वच्छ और हरित कोलकाता बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। महानगर में बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।














