पश्चिम बर्दवान में भाजपा की ‘विकसित भारत संकल्प सभा’, PM मोदी के वर्चुअल संबोधन से कार्यकर्ताओं में जोश, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ रवाना
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
पश्चिम बर्दवान जिले में भाजपा की ओर से जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का भव्य आयोजन किया गया। इस सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम लोगों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों और भारत माता की जय के नारों के साथ हुई। इसके बाद कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का वर्चुअल संबोधन। विशाल स्क्रीन पर उनके संबोधन को सुनकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया। पीएम मोदी के आह्वान पर सभी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ को दिखाई हरी झंडी
सभा के दौरान भाजपा ने अपनी ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजकों ने बताया कि इस यात्रा का मकसद जिले के कोने-कोने में जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा भाव का संदेश पहुंचाना है। यह यात्रा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी।
सभा में विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर स्थानीय स्तर पर कैसे जनसंपर्क और सेवा कार्य किए जाएंगे, इस पर भी विस्तार से चर्चा हुई।














