आसनसोल के वैक्स म्यूजियम में पहुंचे विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, कलाकार सुशांत राय की कला को बताया शहर का गौरव
आसनसोल। आसनसोल के सुशांत राय वैक्स म्यूजियम एवं शीश महल में बुधवार को कला और सृजन का संगम देखने को मिला। आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने म्यूजियम का दौरा कर वहां प्रदर्शित अद्भुत कलाकृतियों का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कलाकार सुशांत राय से मुलाकात की और उनकी बारीकी से बनाई गई वैक्स की मूर्तियों और शीश महल की कलाकृति की जमकर सराहना की।
विधायक ने कहा, “आसनसोल की धरती पर सुशांत राय जैसी प्रतिभा का होना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत, रचनात्मकता और कला के प्रति समर्पण काबिले तारीफ है।”
उन्होंने कहा कि ऐसी सृजनात्मक प्रतिभाएं युवाओं और नए कलाकारों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कलाकार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में उनकी कला की पहचान देश-विदेश तक पहुंचेगी और आसनसोल में कला-संस्कृति का क्षेत्र और समृद्ध होगा।
