खंडघोष में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाका चेकिंग में 16 किलो गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार
शिल्पांचल टुडे, बर्दवान।
पूर्व बर्दवान पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। खंडघोष थाना पुलिस ने नाका जांच के दौरान एक कार से 16 किलो गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात बर्दवान-आरामबाग राज्य मार्ग संख्या-7 पर पालेंपुर फुटबॉल मैदान के पास खंडघोष थाने की पुलिस नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान WB 02 AG 3854 नंबर की चारपहिया गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे एक बोरे से संदिग्ध गंध आने पर पुलिस को शक हुआ। सूचना पर एसडीपीओ अभिषेक मंडल, थाना प्रभारी साकबीर अहमद, इंस्पेक्टर वरुण घोष और रायना थाना प्रभारी बिप्लब देवनाथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस की मौजूदगी में पूरी तलाशी की वीडियोग्राफी कराई गई। बोरे को खोलने पर उसमें 8 पैकेट में रखा करीब 16 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार चालक की पहचान शेख नसीरुद्दीन, निवासी बाजेप्रतापपुर, बर्दवान के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वाहन ओडिशा के कटक से बर्दवान होते हुए बोलपुर की ओर जा रहा था।
पुलिस ने वाहन जब्त कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अब इस रैकेट में जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।














