Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में गंदगी से व्यापारी परेशान, चेंबर सचिव शंभू नाथ झा ने प्रशासन को घेरा

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
आसनसोल शहर में फैली गंदगी और अव्यवस्था को लेकर आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि शहर की स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

शंभू नाथ झा ने बताया कि वे आज ही इस समस्या की तस्वीरों के साथ अपनी शिकायत मंत्री, विधायकगण और सभी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को पोस्ट, ई-मेल और WhatsApp के माध्यम से भेजेंगे, ताकि तत्काल कार्रवाई हो सके।

सड़क पर उतर रही है मछली, बह रहा है गंदा पानी

चेंबर सचिव ने कहा कि लंबे समय से फल, सब्जी और मछली विक्रेताओं को निर्धारित मंडी में शिफ्ट करने की बात कही जा रही है, लेकिन आज भी सुबह-सुबह मछली की गाड़ियां जीटी रोड पर आती हैं, सड़क पर ही माल उतारा जाता है और गंदा पानी सड़क पर बहा दिया जाता है। इससे जीटी रोड पर भयंकर गंदगी और बदबू फैल रही है।

टैक्स देने वाले व्यापारी भुगत रहे हैं खामियाजा

उन्होंने कहा कि जीटी रोड पर वर्षों से व्यवसाय करने वाले दुकानदार नियमित टैक्स देते हैं, लेकिन इस अव्यवस्था का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता है। ग्राहक दुकानों तक नहीं आ पा रहे हैं। सबसे दुर्भाग्य की बात है कि सार्वजनिक जगह पर गंदगी फैलाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

शंभू नाथ झा की मांग – आज रात से लगे रोक

शंभू नाथ झा ने प्रशासन से मांग की है कि आज रात से ही बीएनआर मोड़ और काली पहाड़ी जीटी रोड पर फल, मछली, सब्जी की गाड़ियों के सड़क पर प्रवेश और माल उतारने पर सख्ती से रोक लगाई जाए और सभी को निर्धारित मंडी में भेजा जाए। मंडी में सारी सुविधाएं मौजूद हैं, सिर्फ इच्छाशक्ति की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में अभी चार महीने बाकी हैं। यदि प्रशासन व्यवस्था नहीं सुधार पा रहा है तो सरकारी अमला सहयोग करे, चेंबर को अवसर दे, वे चार महीने में आसनसोल को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का पूरा प्रयास करेंगे।

आसनसोल के लोग गंदगी के आदी हो गए हैं, लेकिन यह सामान्य नहीं है, यह शहर की गरिमा पर सवाल है। दूसरे शहर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, आसनसोल कब सुधरेगा, यह हर नागरिक पूछ रहा है।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *