Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बंगाल में संघ का मेगा प्लान! शताब्दी वर्ष के बाद RSS प्रमुख मोहन भागवत ने बर्दवान से फूंका विस्तार का शंखनाद

शिल्पांचल टुडे, बर्दवान।
पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अपने ‘मिशन विस्तार’ को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसी रणनीति को धार देने के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत तीन दिवसीय बंगाल दौरे पर पहुंचे हैं, जिसका केंद्र पूर्व बर्दवान को बनाया गया है।

कोलकाता पहुंचने के बाद भागवत सीधे बर्दवान शहर स्थित संघ कार्यालय के लिए रवाना हुए, जहां वे प्रवास कर रहे हैं। संघ के शताब्दी वर्ष के बाद यह दौरा संगठन के अगले 25 साल की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।

शाखा से समाज तक – जमीनी नेटवर्क की समीक्षा

सूत्रों के अनुसार इस दौरे का मुख्य एजेंडा केवल बैठक नहीं, बल्कि जमीनी नेटवर्क की समीक्षा है। गुरुवार को बर्दवान में उत्तर बंगाल, मध्य बंगाल और दक्षिण बंगाल प्रांत के विभाग स्तर और उससे ऊपर के सभी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ उनकी मैराथन बैठक होगी।

बैठक में पिछले एक साल में बंगाल में खुली नई शाखाओं, गांव-गांव तक विस्तार और आगामी सामाजिक समरसता कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन होगा।

स्वयंसेवकों से सीधा संवाद

दौरे के दौरान भागवत मध्य बंगाल के एक विभाग के स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण को भी संबोधित करेंगे। इससे उनका संदेश सीधे जमीनी कार्यकर्ताओं तक पहुंचेगा।

राजनीतिक रूप से सक्रिय बंगाल में RSS का यह दौरा भले ही गैर-राजनीतिक हो, लेकिन सामाजिक समीकरणों के लिहाज से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि शताब्दी के बाद RSS बंगाल में बूथ स्तर तक अपनी पहुंच कैसे बढ़ाता है।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *