पूजा से पहले जामुड़िया में तबाही की बारिश, आंधी में उड़ी छतें – पेड़ गिरने से ढहे 4 घर, आंगनबाड़ी में शरण लिए दो परिवार
शिल्पांचल टुडे, जामुड़िया।
दुर्गापूजा की तैयारियों के बीच मौसम ने कहर बरपा दिया। गुरुवार शाम तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से जामुड़िया थाना क्षेत्र के बागडिहा गांव के बाउरीपाड़ा में 4 कच्चे घर क्षतिग्रस्त हो गए।
कहीं टिन की छत हवा में उड़ गई तो कहीं खपरैल टूटकर गिर गई। सबसे ज्यादा नुकसान दिलीप बाउरी के घर को हुआ, जहां एक विशाल पेड़ उखड़कर घर पर गिर गया। इससे मिट्टी की दीवार टूट गई और घर के दस्तावेज, कपड़े, बर्तन सब मलबे में दब गए।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
आंगनबाड़ी बना आशियाना
घर टूटने के बाद दो परिवारों को रातों-रात गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में शरण लेनी पड़ी। पीड़ित रेखा बाउरी ने बताया, “अचानक पानी घर के अंदर गिरने लगा, देखा तो छत ही नहीं थी। दीवार टूट गई थी, जान बचाकर बच्चों को लेकर बाहर भागे।”
प्रशासन पहुंचा मौके पर
सूचना मिलते ही बुधवार रात जामुड़िया ब्लॉक प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों को सूखा भोजन, कपड़े और बर्तन की राहत किट दी।
ब्लॉक अधिकारी ने बताया कि परिवारों को फिलहाल ICDS केंद्र में रखा गया है और स्थायी आवास की व्यवस्था के लिए रिपोर्ट बनाई जा रही है।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही जिला भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष रमेश घोष भी गांव पहुंचे और पीड़ितों को मदद का आश्वासन दिया।














