पिता से मिली परोपकार की सीख, बेटे ने आसनसोल में खड़े किए कई स्कूल-कॉलेज – सचिन राय ने सुनाई प्रेरणा की कहानी
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
“इंसान जीवन मिला है तो परोपकार भाव से जरूरतमंदों की सेवा करते रहना चाहिए।” यह सीख मुझे मेरे पिताजी स्वर्गीय पार्वती चरण राय से मिली है। यह कहना है पार्वती स्कूल ग्रुप आसनसोल के चेयरमैन सह संस्थापक सचिन राय का।
शिल्पांचल टुडे को दिए विशेष साक्षात्कार में सचिन राय ने बताया कि उनके पिताजी स्वर्गीय पार्वती चरण राय हमेशा लोगों की भलाई करने की प्रेरणा देते थे। वे कड़ी मेहनत में विश्वास रखते थे और कहते थे कि मेहनत से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है।
शिक्षा के प्रति उनके लगाव के कारण वे हमेशा शिक्षा को बढ़ावा देते रहते थे।
पिता की इसी प्रेरणा को अपनाते हुए सचिन राय ने आसनसोल शहर में कई स्कूलों के साथ बीएड कॉलेज भी बनाया है। ताकि शिक्षित युवा-युवती पढ़ाई कर शिक्षक के साथ अन्य कार्यों में शामिल होकर आत्मनिर्भर हो सकें।
उन्होंने बताया कि उनकी माता जी स्वर्गीय संध्या रानी राय धार्मिक प्रवृति की थीं। माता और पिता दोनों की प्रेरणा से ही वे आज समाज के जरूरतमंदों की निरंतर सेवा कर रहे हैं।














