हुगली में बड़ी कार्रवाई – दो ट्रेलरों से सैकड़ों मवेशी बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार
शिल्पांचल टुडे, हुगली।
जिले में पुलिस को मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध ट्रेलरों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों ट्रेलरों में ठूंस-ठूंस कर भरे हुए बड़ी संख्या में मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने तुरंत दोनों वाहनों को जब्त करते हुए मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से उलूबेड़िया ले जाए जा रहे थे मवेशी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मवेशियों को ओडिशा से हावड़ा के उलूबेड़िया की ओर ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार तीनों आरोपी हुगली जिले के पांडुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े तार खंगाल रही पुलिस
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि मवेशियों को कहां से लाया गया, उन्हें कहां सप्लाई किया जाना था और इस पूरे खेल के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद नेशनल हाईवे पर मवेशियों की अवैध ढुलाई और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है।














