ECL CMD का सोनपुर बाजारी दौरा – उत्पादन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, सुरक्षित खनन पर दिया जोर
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के सीएमडी डॉ. सतीश झा ने आज निदेशक (तकनीकी-संचालन) श्री चित्ररंजन कुमार के साथ सोनपुर बाजारी परियोजना का गहन निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान सीएमडी ने खदान क्षेत्र का भ्रमण कर उत्पादन की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, भारी मशीनों के रखरखाव और भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने परियोजना की प्रगति रिपोर्ट ली और उत्पादन लक्ष्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. झा ने उपकरणों की विश्वसनीयता बढ़ाने, सुरक्षित खनन प्रक्रियाओं को अपनाने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्पादन क्षमता को बेहतर बनाने के लिए मशीनों का उचित रखरखाव और सुरक्षित कार्यप्रणाली अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी स्तर पर सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ काम करने और उत्पादन के साथ-साथ सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सोनपुर बाजारी परियोजना के महाप्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। ECL प्रबंधन ने उत्पादन लक्ष्यों को हासिल करने के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा, बेहतर संचालन और सतत विकास सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।














