बंगाल में गरजे भाजपा के चाणक्य सुनील बंसल – आसनसोल में बोले, विपक्ष का खेल खत्म, बंगाल में अब गूंज रहा है ‘जय माँ दुर्गा’
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बंगाल के संगठनात्मक प्रभारी सुनील बंसल मंगलवार को आसनसोल पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के नए जिला कार्यालय के भूमि पूजन में हिस्सा लिया और मंच से विपक्ष पर करारा प्रहार किया।
विपक्ष पर तीखा हमला
पत्रकारों से बातचीत में सुनील बंसल ने कहा, “दिल्ली में विपक्ष अपनी सुनिश्चित हार देखकर बौखला गया है। हार को छिपाने के लिए वह राजनीतिक नाटक और नए-नए कार्ड खेल रहा है, लेकिन देश की जनता सब जानती है। इन हथकंडों से उन्हें कोई फायदा नहीं मिलने वाला।”
उन्होंने कहा कि भाजपा बूथ स्तर तक मजबूत हो रही है और बंगाल में परिवर्तन तय है।
वैदिक मंत्रों के बीच भूमि पूजन
आसनसोल में भाजपा के नए जिला कार्यालय के भूमि पूजन का कार्यक्रम बड़े ही उत्साह के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच सुनील बंसल ने भूमि पूजन किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष तनु भट्टाचार्य, जिला प्रभारी सिंटू सेनापति, राज्य मंत्री अग्निमित्रा पॉल, विधायक जितेंद्र तिवारी, अरिजीत राय, कृष्णेंदु मुखर्जी, पार्थ घोष समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं ने कहा कि नया जिला कार्यालय संगठन को और मजबूती देगा और कार्यकर्ताओं के लिए एक नए ऊर्जा केंद्र के रूप में काम करेगा।
‘बंगाल में अब खुलकर हो रही है दुर्गा पूजा’
बंगाल की दुर्गा पूजा पर बोलते हुए सुनील बंसल ने सभी प्रदेशवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “इस बार बंगाल में एक नई ऊर्जा दिख रही है। गांव से लेकर शहर के चौराहे तक, हर जगह माँ दुर्गा के स्वागत की तैयारी है। यह सांस्कृतिक आजादी का एहसास है।”
उन्होंने दावा किया कि अब बंगाल में लोगों को दुर्गा पूजा करने के लिए किसी से अनुमति नहीं लेनी पड़ रही है। लोग खुलकर, बिना डर के माँ की आराधना कर रहे हैं। यह बंगाल के अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत की ओर लौटने का संकेत है।














