बाराबनी में माँ दुर्गा के दरबार में पहुंचे भाजपा के चाणक्य सुनील बंसल, पंचगछिया पूजा पंडाल का किया भव्य उद्घाटन
शिल्पांचल टुडे, बाराबनी।
दुर्गा पूजा की धूम के बीच मंगलवार को बाराबनी विधानसभा क्षेत्र का पंचगछिया पूरी तरह से भक्तिमय हो गया। यहाँ आयोजित भव्य दुर्गा पूजा समारोह के उद्घाटन के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिम बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल विशेष रूप से पहुंचे।
माँ दुर्गा के जयकारों और ढाक की थाप के बीच सुनील बंसल ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान पूरा माहौल “बोलो दुर्गा माई की जय” के नारों से गूंज उठा।
सुख-शांति और समृद्धि की कामना
इस पावन अवसर पर सुनील बंसल ने माँ दुर्गा के चरणों में मत्था टेका और सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि बंगाल की संस्कृति, शक्ति और एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा की आराधना से हमें अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश मिलता है और इस बार बंगाल में माँ के आशीर्वाद से नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।
भक्तों में दिखा भारी उत्साह
पंचगछिया में दुर्गा पूजा के उद्घाटन समारोह में स्थानीय लोगों में भारी उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे माँ के दर्शन के लिए उमड़े। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पूजा कमेटी के सदस्यों ने सुनील बंसल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पूजा कमेटी ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री के आगमन से उनके पूजा समारोह की शोभा और भी बढ़ गई है। उद्घाटन के बाद सुनील बंसल ने स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की।














