आसनसोल में कांग्रेस का ‘नारी शक्ति’ दांव – 150 महिलाओं ने थामा हाथ, महिला कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बर्दवान में कांग्रेस ने महिला वोट बैंक को साधने के लिए बड़ा दांव खेला है। मंगलवार को आसनसोल के गिरजा मोड़ स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस ने जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया और सदस्यता अभियान चलाया।
इस दौरान जामुड़िया, कुल्टी और बाराबनी विधानसभा क्षेत्रों से आई करीब 150 महिलाओं ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस नेता रवि यादव ने सभी नई सदस्यों को कांग्रेस का झंडा सौंपकर पार्टी में स्वागत किया।
भाजपा पर जमकर बरसीं महिला नेत्री
पश्चिम बर्दवान जिला महिला कांग्रेस की आसनसोल महकमा नेत्री मौमिता सेनगुप्ता ने इस मौके पर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार के कारण महिलाओं में भारी नाराजगी है।
उन्होंने कहा, “भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। आज महिलाएं महंगाई, बेरोजगारी और असुरक्षा से जूझ रही हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए महिलाएं कांग्रेस से जुड़ रही हैं।”
उन्होंने कुलदीप सिंह सेंगर और बृजभूषण शरण सिंह जैसे मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा राज में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है। महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए अब नारी शक्ति को ही आगे आना होगा।
आंदोलन होगा और तेज
मौमिता सेनगुप्ता ने कहा कि महिला कांग्रेस का लक्ष्य आसनसोल महकमा में महिलाओं को संगठित करना और उनके अधिकारों की लड़ाई को सड़क से सदन तक ले जाना है। पार्टी ने उन्हें संगठन विस्तार और भाजपा के खिलाफ आंदोलन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में महिला कांग्रेस भाजपा की नीतियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ेगी और घर-घर जाकर महिलाओं को जागरूक करेगी।
इस सदस्यता कार्यक्रम को पश्चिम बर्दवान में महिला कांग्रेस के संगठन विस्तार के एक बड़े प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।














