बर्दवान में 500 के नकली नोटों का बड़ा जाल! 1 लाख के जाली नोटों के साथ युवती समेत 3 गिरफ्तार, 10 हजार दो और 1.05 लाख लो का ऑफर बना जाल
शिल्पांचल टुडे, बर्दवान।
पूर्व बर्दवान जिले में जाली नोटों के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। बर्दवान शहर के बाजेप्रतापपुर मोड़ पर पुलिस ने छापेमारी कर ₹500 के करीब 200 नकली नोटों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त नोटों की कुल कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है।
युवती समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जस्मिन बीवी, खुदू शेख और शेख लालन के रूप में हुई है। तीनों बर्दवान सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में भारी मात्रा में नकली नोट खपाने की कोशिश हो रही है। इसी सूचना के आधार पर बाजेप्रतापपुर मोड़ पर घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा गया। उनके पास से ₹500 के करीब 200 नोट बरामद हुए हैं, जिनके नकली होने की आशंका है।
10 हजार के बदले 1.05 लाख का झांसा
इस मामले में गिरफ्तार युवती जस्मिन बीवी के बयान ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया है। जस्मिन ने पुलिस को बताया कि उसे एक व्यक्ति ने कहा था कि 10 हजार रुपये देने पर 1.05 लाख रुपये मिलेंगे। उसे लगा कि यह कोई स्कीम है और वह लालच में आ गई। उसका दावा है कि उसे पता ही नहीं था कि ये नोट नकली हैं।
हालांकि पुलिस उसके इस दावे पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है और इसे जांच का हिस्सा मान रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या युवती को जानबूझकर मोहरा बनाया गया था।
बड़े गिरोह की तलाश में पुलिस
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस का मानना है कि यह किसी बड़े संगठित गिरोह का काम हो सकता है। बर्दवान पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि –
1. ये जाली नोट कहां छापे गए?
2. बर्दवान तक ये नोट कैसे पहुंचे?
3. क्या इन्हें दुर्गा पूजा के बाजार में खपाने की तैयारी थी?
फिलहाल तीनों आरोपियों से बर्दवान सदर थाने में पूछताछ जारी है। पुलिस उनके मोबाइल फोन और संपर्कों को खंगाल रही है। नोटों को जांच के लिए FSL भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।














