Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

रानीगंज में NH-19 पर आधी रात को दो बड़े हादसे – चलती कार बनी आग का गोला, केमिकल टैंकर पलटने से हाईवे बना फिसलन भरा तालाब, घंटों ठप रहा ट्रैफिक

शिल्पांचल टुडे, रानीगंज।
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर मंगलवार देर रात करीब 12:45 बजे अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो बड़े हादसे हो गए। रानीगंज के रानीसायेर मोड़ पर एक चलती कार धू-धू कर जल उठी, तो वहीं दूसरी ओर चुनाभाटी के पास केमिकल से भरा टैंकर पलट गया, जिससे पूरा हाईवे घंटों के लिए जाम हो गया।

कोलकाता से धनबाद जा रही कार में लगी भीषण आग

पहला हादसा रानीसायेर मोड़ पर हुआ। कोलकाता से धनबाद की ओर जा रही एक निजी कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों यात्री समय रहते बाहर निकल गए और बाल-बाल बच गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर राख हो गई।

सूचना मिलते ही पंजाबी मोड़ आउटपोस्ट के आईसी निजामुल हुदा ने तुरंत दमकल विभाग को खबर दी। दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह खाक हो चुकी थी।

केमिकल टैंकर पलटा, सड़क पर फैला खतरनाक रसायन

दूसरा हादसा चुनाभाटी के पास हुआ। हल्दिया से हिमाचल प्रदेश जा रहा तेलीय रसायनों से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर पलटते ही खतरनाक केमिकल पूरी सड़क पर फैल गया, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई और बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन उस हिस्से में यातायात को पूरी तरह रोक दिया।

दो क्रेनों से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही रानीगंज पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सड़क पर फैले केमिकल को सुरक्षित तरीके से हटाने और पलटे हुए टैंकर को सीधा करने के लिए दो बड़ी क्रेनों को लगाया गया है।

आधी रात में हुए इन दो हादसों के कारण दिल्ली-कोलकाता को जोड़ने वाले सबसे व्यस्त हाईवे NH-19 पर लंबा जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फिलहाल पुलिस सड़क को सुरक्षित बनाने और यातायात को सामान्य करने में जुटी हुई है।

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *