दुर्गा पूजा में ‘डिजिटल असुर’ पर ADPC का वार: भीड़ में एक्टिव हुए साइबर ठग, पंडालों से पुलिस दे रही है सुरक्षा का मंत्र
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
दुर्गा पूजा में शहर रोशनी और उल्लास से जगमगा रहा है, बाजारों में खरीदारी की भीड़ उमड़ रही है। इसी भीड़ का फायदा उठाने के लिए साइबर ठग भी एक्टिव हो गए हैं। इसी खतरे को भांपते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) ने कमर कस ली है और एक अनोखा अभियान शुरू किया है – ‘ऑपरेशन Digital असुर’।
क्या है Digital असुर अभियान?
ADPC का मंत्र है – “Defeat the Digital असुर”। जैसे माँ दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था, वैसे ही इस पूजा में डिजिटल दुनिया के असुरों का वध करना है।
पुलिस पूजा पंडालों को ही जागरूकता का केंद्र बना रही है। पंडालों में लगे पोस्टर, बैनर और अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को साइबर ठगी के नए-नए हथकंडों से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं।
इन 5 डिजिटल असुरों से रहें सावधान – पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने लोगों को 5 बड़े साइबर फ्रॉड से खास तौर पर सतर्क रहने को कहा है:
1. डिजिटल अरेस्ट: खुद को पुलिस/CBI अफसर बताकर डराना।
2. इन्वेस्टमेंट फ्रॉड: ज्यादा मुनाफे का लालच देकर पैसा ठगना।
3. फर्जी होटल बुकिंग: पूजा में घूमने के नाम पर नकली वेबसाइट से बुकिंग।
4. KYC फ्रॉड: बैंक खाता बंद होने के नाम पर लिंक भेजना।
5. ऑनलाइन शॉपिंग स्कैम: सस्ते ऑफर के नाम पर फर्जी लिंक।
पुलिस ने दिया सुरक्षा कवच का मंत्र
ADPC ने पूजा में सुरक्षित रहने के लिए 3 सुनहरे नियम बताए हैं:
– किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
– अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल या धमकी भरे कॉल पर भरोसा न करें।
– अपना OTP, PIN, CVV या बैंक पासवर्ड कभी किसी से शेयर न करें।
पुलिस का कहना है, “पूजा की खुशियों के बीच जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। सतर्कता ही आपका सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।”
तो इस बार जब आप माँ दुर्गा के दर्शन करने पंडाल में जाएं, तो माँ से बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ-साथ इस Digital असुर को हराने का संकल्प भी लेकर आएं।
















