Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

जामुड़िया में बड़ा हादसा: एक फैक्ट्री की निर्माणाधीन चिमनी ढही, मलबे में कई मजदूर दबे – रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

शिल्पांचल टुडे, जामुड़िया।
जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के विजयनगर में स्थित एक कारखाने में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन चिमनी का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त चिमनी के अंदर काम कर रहे कई श्रमिकों के मलबे में दबे होने की आशंका है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

शाम 6 से 7 बजे के बीच हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कारखाने में चिमनी के निर्माण का काम चल रहा था। शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अचानक ऊपरी हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे के बाद पूरे कारखाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मजदूर इधर-उधर भागने लगे और देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।

विधायक और पुलिस कमिश्नर मौके पर, रेस्क्यू शुरू

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त, डीसी सेंट्रल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।

फंसे हुए श्रमिकों को निकालने के लिए तुरंत बचाव अभियान (Rescue Operation) शुरू कर दिया गया है। जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है।

कितने हताहत? सस्पेंस बरकरार

अभी तक हादसे में घायलों और मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार कुछ श्रमिकों के गंभीर रूप से घायल होने और 1 से 2 श्रमिकों की मौत की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्री और निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *