जामुड़िया में टेक्सटाइल क्रांति! केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया ‘श्री मां टेक्सटाइल’ का दौरा, बोले – अब बंगाल से बाहर नहीं जाएगी कंपनी, यहीं होगा बड़ा विस्तार
शिल्पांचल टुडे, जामुड़िया।
पश्चिम बंगाल के वस्त्र उद्योग के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया में स्थित श्री मां टेक्सटाइल कंपनी का दौरा कर वहां की उत्पादन इकाइयों का जायजा लिया।
मंत्री के पहुंचते ही कंपनी परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। अधिकारियों और कारीगरों ने उनका भव्य स्वागत किया।
पूरी फैक्ट्री का किया बारीकी से निरीक्षण
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कंपनी के अधिकारियों और कारीगरों से मुलाकात की। उन्होंने बाहर से सूत मंगाकर कपड़ों की प्रोसेसिंग, गारमेंट्स निर्माण और निर्यात (एक्सपोर्ट) के कामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
मंत्री ने एक-एक यूनिट में जाकर मशीनों, उत्पादन की गुणवत्ता और कारीगरों के काम करने के तरीके को देखा। उन्होंने कारीगरों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना।
मंत्री ने दी बड़ी खुशखबरी
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जो कंपनी पहले राज्य से बाहर उद्योग शिफ्ट करने पर विचार कर रही थी, वह अब नई अनुकूल परिस्थितियों के बाद जामुड़िया में ही अपने कारोबार का विस्तार कर रही है।
मंत्री ने कहा कि यह बंगाल के लिए बहुत बड़ी जीत है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
गिरिराज सिंह ने कहा कि इस कदम से न केवल स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि पश्चिम बंगाल को वस्त्र उद्योग के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि बंगाल के कारीगरों को यहीं काम मिले, उन्हें बाहर न जाना पड़े। जामुड़िया जैसे औद्योगिक इलाके आने वाले समय में टेक्सटाइल हब बनेंगे।
मौके पर कौन-कौन रहे मौजूद?
इस दौरान डीएम एस. पोन्नाबलम, विजय शर्मा, राजेश शर्मा, अभिषेक शर्मा, सौरभ शाम, इंदर सिंह अरोड़ा, भरत ठाकर, रिया शर्मा सहित कंपनी के कई अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद थे।













