बंगाल में आएगा ₹6000 करोड़ का महा-निवेश! Jai Balaji Group का बड़ा ऐलान – 20 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेगी नौकरी, स्टील से लेकर रक्षा-एयरोस्पेस तक बनेगा सामान
शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास को लेकर सबसे बड़ी खबर आ गई है। दिग्गज औद्योगिक समूह Jai Balaji Group ने करीब 6,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। कंपनी का दावा है कि इस विस्तार से 20 हजार से अधिक नए रोजगार पैदा होंगे।
CM शुभेंदु अधिकारी ने की नई निवेश नीति की घोषणा
गुरुवार, 5 नवंबर को कोलकाता के न्यू टाउन स्थित इको पार्क में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की नई West Bengal Investment Promotion Policy 2026 की घोषणा की। इसी कार्यक्रम के बाद जय बालाजी ग्रुप ने अपने निवेश प्रस्ताव की जानकारी दी।
किन क्षेत्रों में होगा निवेश?
Jai Balaji Group के चेयरमैन आदित्य जाजोदिया के नेतृत्व में समूह अपनी औद्योगिक गतिविधियों का बड़ा विस्तार करना चाहता है।
प्रस्तावित निवेश में प्रमुख रूप से शामिल हैं –
– स्टील और स्पेशलाइज्ड अलॉय स्टील का उत्पादन
– रेलवे, रक्षा और एयरोस्पेस के लिए विशेष कलपुर्जों का निर्माण
– प्रिसिजन इंजीनियरिंग उत्पादों का विस्तार
– विशेष प्रकार के कॉपर और एल्युमीनियम उत्पादों का निर्माण
– स्टील कास्टिंग और फोर्जिंग उद्योग का विकास
– सौर ऊर्जा और ग्रीन पावर उत्पादन में निवेश
20 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
कंपनी का कहना है कि विस्तार योजना लागू होने से बंगाल में 20 हजार से अधिक अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे औद्योगिक क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर युवाओं को नौकरी के नए मौके मिलेंगे।
बता दें, Jai Balaji Group की बंगाल में पहले से ही मजबूत मौजूदगी है। समूह की देशभर में 10 विनिर्माण इकाइयां हैं, जिनमें 8 अकेले पश्चिम बंगाल में स्थित हैं।
बंगाल के औद्योगिक भविष्य के लिए क्यों अहम?
नई निवेश नीति और इतने बड़े निवेश प्रस्ताव से बंगाल में स्टील, इंजीनियरिंग, रेलवे, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में विकास की संभावनाएं और बढ़ गई हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है – क्या बंगाल एक बार फिर देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी जगह मजबूत कर पाएगा?













