बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के दो पहिया और चार पहिया वाहन चलाने वाले लोगों को राखी बांध कर यातायात नियमों के बारे में दी गई जानकारी
आसनसोल । राखी के पवित्र अवसर पर शनिवार आसनसोल नॉर्थ ट्रैफिक गार्ड की ओर से आसनसोल के कल्ला मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर एक अभियान चलाया गया। बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के दो पहिया और चार पहिया वाहन चलाने वाले लोगों को राखी बांधी गई और यातायात नियमों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। आसनसोल नॉर्थ ट्रैफिक गार्ड प्रभारी मोहम्मद अशरफुल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया, जिससे कि राखी के पर्व के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक भी किया जा सके। इस बारे में मोहम्मद अशरफुल ने कहा कि आज राखी का पवित्र दिन है।
आज के दिन बहने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधती हैं और भाई अपने बहनों की रक्षा की शपथ लेते हैं। लेकिन कही न कही आज देखा जा रहा है कि कुछ भाई यातायात नियमों की अवहेलना करके वाहन चलाते हैं जिससे उनकी अपनी जिंदगी खतरे में पड़ती है। इसलिए आज इस विशेष राखी उत्सव का आयोजन किया गया था की बहनें भाइयों की कलाई में राखी बांधे। भाई अपने बहनों की सुरक्षा की शपथ तो ले ही लेकिन इसके साथ ही बहनों ने भी भाइयों को यह संदेश दिया कि वह अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें और दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहने और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें इससे भाई और भाई का पूरा परिवार सुरक्षित रहेगा
