सड़क दुर्घटना में ईसीएल कर्मी की मौत
दुर्गापुर। दुर्गापुर से परासकोल कोलियरी अपनी डयूटी करने आ रहे एक कोयला मजदूर की दुर्गापुर कोर्ट मोड़ के करीब सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही कोलियरी क्षेत्र में मातम पसर गया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय गणेश मंडल के रूप में हुई। वह ईसीएल के काजोड़ा एरिया अंतर्गत परासकोल (ईस्ट) खदान में कोल कटिंग मशीन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। सूचना मिलते ही कोलियरी परिसर में मजदूरों के अलावा, तृणमूल के नेता एवं श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि पहुंचे। कोलियरी प्रबंधन को मौके पर बुलाकर मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने पर कई घंटे गहमागहमी हुई। प्रबंधन की सहमति के बाद हंगामा शांत हुआ। तृणमूल नेता वीर बहादुर सिंह ने कहा चूंकि मृतक ईसीएल का मजदूर था एवं उसकी मौत ड्यूटी आने के दौरान हुई इस कारण प्रबंधन से उसके आश्रितों को उचित मुआवजा देने के साथ किसी एक आश्रित को नौकरी देने पर लिखित सहमति बनी है। एक सप्ताह के भीतर कागजी प्रक्रिया पूरा कर नौकरी प्रदान की जाएगी।


















