आर्य समाज संचालित डीएवी और दयानंद विद्यालय आसनसोल में स्मार्ट क्लास का भव्य उद्घाटन
आसनसोल । बुधा स्थित आर्य समाज द्वारा संचालित दयानंद विद्यालय और डीएवी हायर सेकंडरी स्कूल में शनिवार स्मार्ट क्लास का विधिवत मुख्य अतिथि राज्य के कानून, न्याय एवं श्रम मंत्री मलय घटक ने फीता काट कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने कहा कि आज के युग में शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। स्मार्ट क्लास की यह पहल विद्यार्थियों के लिए नई दिशा और अवसर लेकर आएगी।
उन्होंने आगे विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि इसी विद्यालय के पूर्व छात्र देवाशीष दत्ता ने ताइक्वांडो खेल में अंतरराष्ट्रीय रेफरी के रूप में क्वालीफाई कर पश्चिम बंगाल के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय रेफरी का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बंगाल क्षेत्र का मान बढ़ाने वाली है।
इस अवसर पर उन्होंने देवाशीष दत्ता को मंच पर आशीर्वाद भी प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय के सचिव जगदीश प्रसाद केडिया ने कहा कि स्मार्ट क्लास की स्थापना विद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत और दूरदर्शिता का परिणाम है। लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी संभव है जब शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मिलकर इनका अधिकतम उपयोग करें। उन्होंने यह भी अपील की कि आने वाले प्रत्येक माह के विद्यालय की सभी कक्षाओं को क्रमशः एक-एक करके स्मार्ट क्लास में परिवर्तित किया जाए।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस ऐतिहासिक पहल पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यालय परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। स्मार्ट क्लास अब बनेगा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शक।
मौके पर स्कूल के सचिव जगदीश प्रसाद केडिया, एमएमआईसी गुरुदास चटर्जी, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी, आर्य कन्या बालिका विद्यालय के मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष नथमल शर्मा, आसनसोल महाबीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा, 44 नंबर वार्ड तृणमूल कांग्रेस वार्ड कमेटी अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित डीएवी स्कूल के शिक्षक प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह, दयानंद विद्यालय के शिक्षक प्रभारी नारायण पासवान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


















