महिला से सोने की चेन छिनतई मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, चेन बरामद
Oplus_0
दुर्गापुर । दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में सोने की चेन छिनतई मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने की चेन भी बरामद किया। उक्त बात की जानकारी बुधवार को आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी (ईस्ट) अभिषेक गुप्ता ने पत्रकार सम्मेलन कर पत्रकारों को जानकारी दी। बीते सोमवार रात दुर्गापुर के सिटी सेंटर में चतुरांग मैदान के पास एक महिला तनु राय अपनी बेटी और एक युवक के साथ स्थानीय बाजार जा रही थी। उसी समय अचानक उनके पास एक कार आकर रुकी और उसमें से दो युवक उतरे। उन्होंने तनु राय के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। छीना-झपटी के दौरान चेन टूट गई और उसका आधा हिस्सा तनु राय के हाथ में रह गया। बाकी का हिस्सा लेकर भाग रहे एक किशोर को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर किशोर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए किशोर से पूछताछ के बाद, पुलिस ने रात भर छापामारी कर बर्दवान से उसके तीन और साथियों को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों को दुर्गापुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम सुब्रत सिंह, तूफान मंडल, जाकिर खलीफा और मुंशी साबिर आलम हैं, जो सभी पूर्व बर्दवान के निवासी हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से सोने की चेन भी बरामद कर ली है।


















