आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान योजना के तहत लगाया गया शिविर
सालानपुर । राज्य के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान नाम से एक नई योजना शुरू की गई है, जिसके तहत हर बुथ को 10 लाख रुपए दिए जा रहे हैं और वहां पर शिविर लगाया जा रहा है। जहां पर लोग आ रहे हैं और उनके मोहल्ले में कौन-कौन से काम बाकी है। इसके बारे में प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपनी बात रख रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी इन समस्याओं का पंजीकरण कर रहे हैं और इसके बाद उनका निराकरण किया जाएगा। आज अब बाराबनी विधानसभा अंतर्गत अल्लाडी और सालानपुर इलाके में कुल चार बुथों में यह शिविर लगाया गया।
यहां पर स्थानीय विधायक और आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय मुख्य रूप से उपस्थित थे। उन्होंने शिविर का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि शिविर में आने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं का सही तरीके से लाभ मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से यह एक बहुत बड़ी योजना शुरू की गई है। इसके जरिए लोगों को यह अवसर मिला है कि वह उनके मोहल्ले में कौन-कौन से छोटे-छोटे कार्य हैं जो नहीं हो रहे हैं उनका पंजीकरण करवा सके और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपने मोहल्ले की समस्याओं को रख सके ताकि जल्द से जल्द उनका निराकरण हो सके।




















