प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तीन सदस्यों को किया गया सम्मानित, टीएमसी के 10 समर्थकों ने कांग्रेस का थामा दामन
आसनसोल । कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा बीते कुछ समय से भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी का आरोप लगाया जाता रहा है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया है कि कहीं ना कहीं राष्ट्रीय चुनाव आयोग इसमें भाजपा का सहयोग कर रही है। इसे लेकर बीते कुछ समय से राहुल गांधी बेहद आक्रामक रुख अख्तियार किए हुए हैं। उन्होंने इस बारे में दो संवाददाता सम्मेलन भी किया। आंकड़ों के जरिए यह बताने का प्रयास किया कि किस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने विभिन्न विधानसभा चुनाव में वोट चोरी की है।
इधर कांग्रेस की तरफ से आसनसोल में भी वोट चोरी के मुद्दे पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर आसनसोल कांग्रेस की तरफ से गिरजा मोड़ स्थित पार्टी कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रवि यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में स्थान पाने वाले तीन व्यक्तियों में उपाध्यक्ष तरुण राय, सेक्रेटरी प्रसेनजीत पुईतुंडी और ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री दिलीप तुरी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर यहां वार्ड नंबर 55 और 47 से टीएमसी के 10 समर्थकों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस मौके पर स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह से भाजपा के वोट चोरी को उजागर कर रहे हैं। उससे पूरे देश के लोग सहमत हो रहे हैं और यह समझ रहे हैं कि भाजपा किस तरह से चुनाव में धांधली करके जीत पर जीत हासिल करती जा रही है। वहीं उन्होंने कहा कि आसनसोल में किस जगह से कौन चुनाव लड़ेगा। इसे आला कमान को स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व से मशविरा करके निश्चित करना होगा। उन्होंने सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने का आव्हान किया। इस मौके पर कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पुईतुंडी, शाह आलम, कांग्रेस पार्षद एसएम मुस्तफा, कांग्रेस युवा जिलाध्यक्ष रवि यादव सहित तमाम कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।





















