कैरियर काउंसिलिंग में गुरुओं ने विद्यार्थियों को दिये कई टिप्स
मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर किया गया प्रोत्साहित
बर्नपुर(भरत पासवान)। सामाजिक संस्था अहबाब वेलफेयर सोसायटी द्वारा माध्यमिक व उच्च माध्यमिक परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को उत्साहित करने के लिये रहमतनगर स्थित एक निजी प्रेक्षागृह में रविवार को सम्मान समारोह एवं कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न शिक्षण प्रतिष्ठानों के शिक्षकों व शिक्षाविद्यों ने विद्यार्थियों को अपना भविष्य संवारने के लिये कई टिप्स दिये। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी मजिस्ट्रेट मोहम्मद वरशीद खान, इंस्ट्रक्टर कम स्टाफ ऑफिसर शबाना सुल्ताना आदि उपस्थित थे।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने अभिभावकों से बच्चों पर कैरियर का चुनाव करने के लिये अपनी इच्छाओं को नहीं थोपने, बच्चों को जिस विषय अथवा जो वो बनना चाहते हैं उसके लिये उन्हें प्रोत्साहित करने एवं विद्यार्थियों को सरकार के भरोसे नहीं रहकर आत्मनिर्भर रहने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में इलाके के माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर सोसायटी के सचिव हुमायूं खान, मोहम्मद सादिक, रियाज अहमद खान, अनवर हुसैन, सबीर अहमद खान, मोहम्मद माहिर हुसैन आदि मौजूद थे।





















