जामुरिया में तृणमूल के नए पदाधिकारियों की घोषणा के बाद दिखी अंदरूनी खींचतान, भाजपा बोली—टीएमसी दो धड़ों में बंटी
जामुरिया । हाल ही में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी द्वारा राज्य भर में ब्लॉक स्तर पर नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। इसके बाद जहां कई ब्लॉकों में खुशी का माहौल देखने को मिला, वहीं कुछ जगहों पर असंतोष और अंदरूनी मतभेद भी खुलकर सामने आने लगे हैं।
इसी कड़ी में पश्चिम बर्दवान जिले के जामुरिया ब्लॉक एक में एक बार फिर सुब्रत अधिकारी को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शेख शानदार को उपाध्यक्ष का पद सौंपा गया है। नए पद की घोषणा के बाद शेख शानदार समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। शेख शानदार लगातार अपने क्षेत्र में जाकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशों और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।
हाल ही में दुर्गापूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निर्देश दिया था कि “जागो बांग्ला” नाम से हर ब्लॉक में पार्टी का सूचना स्टॉल लगाया जाए। जामुरिया में भी यह पहल देखने को मिली, लेकिन यहां कुछ अलग दृश्य देखने को मिला — ब्लॉक अध्यक्ष सुब्रत अधिकारी की ओर से एक स्टॉल लगाया गया था, वहीं कुछ दूरी पर उपाध्यक्ष शेख शानदार समर्थकों की ओर से एक अलग काउंटर भी देखा गया।
इसको लेकर अब क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है और विरोधी दल इसे तृणमूल की अंदरूनी गुटबाजी के रूप में देख रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता संतोष सिंह ने कहा, “जमुरिया में साफ दिखाई दे रहा है कि तृणमूल कांग्रेस दो धड़ों में बंट चुकी है। नेतृत्व में मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं और इसका सीधा फायदा भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में मिलेगा।”
वहीं, इस विषय पर ब्लॉक अध्यक्ष सुब्रत अधिकारी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा,
“ब्लॉक में किसी तरह का मनमुटाव नहीं है। ‘जागो बांग्ला’ का सिर्फ एक ही स्टॉल था। बैठने की जगह कम होने की वजह से पास में दूसरी जगह व्यवस्था की गई थी। सब कुछ पार्टी के अनुशासन के भीतर ही हुआ है।”
जामुरिया में यह घटनाक्रम अब स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक ओर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर गुटबाजी के संकेत तृणमूल के भीतर नई चुनौतियां खड़ी कर सकते हैं।




















