कुल्टी और बराकर में सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के लापता का लगाया पोस्टर, राजनीतिक गलियारों में चर्चा
कुल्टी । चार दिवसीय आस्था का महापर्व छठ मनाया गया। लेकिन आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा अपने संसदीय क्षेत्र में अनुपस्थित रहे। इसे लेकर बराकर तथा कुल्टी में कई जगहों पर पोस्टर लगाया गया है। जिसमें आसनसोल के सांसद को लापता बताया गया है। इस संदर्भ में आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल से बात की तो उन्होंने कहा कि बंगाल के लिए दुर्गापूजा, काली पूजा और छठ बहुत महत्वपूर्ण तीन त्योहार हैं। इन त्योहारों में सम्मिलित होने के लिए बिहार, झारखंड के अलावा अन्य राज्यों से भी लोग आसनसोल आते हैं। लेकिन आसनसोल के सांसद नदारद हैं।
अग्निमित्रा पाल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब भाजपा को कोलकाता के भवानी भवन में शत्रुघ्न सिन्हा के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करानी पड़ेगी। विधायक ने कहा कि भाजपा के लिए कोई भी बाहरी नहीं है। लेकिन जिस तरह से आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा आसनसोल की जनता के सुख-दुख में शामिल नहीं होते हैं। ठीक उसी तरह दुर्गापुर में भी टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद भी ज्यादातर गायब रहते हैं। दुर्गापुर दुष्कर्म कांड के बाद भी कीर्ति आजाद का कहीं नामोनिशान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब आसनसोल की जनता को यह तय करना होगा कि क्या वह शत्रुघ्न सिन्हा जैसे व्यक्ति को अपना सांसद चाहते हैं, जो उनके सुख-दुख में शामिल न हो।
इस संदर्भ में कुल्टी के ब्लॉक टीएमसी अध्यक्ष कंचन राय से बात की तो उन्होंने कहा कि यह भाजपा की साजिश है। भाजपा जानती है कि राजनीतिक तौर पर टीएमसी को परास्त नहीं किया जा सकता इस वजह से वह इस तरह की ओछी हरकत कर रही है। उन्होंने कहा कि टीएमसी जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती हो या मंत्री मलय घटक सभी शत्रुघ्न सिन्हा के साथ समन्वय बनाकर इस क्षेत्र के जनता के लिए हमेशा काम कर रहे हैं शत्रुघ्न सिन्हा हर महीने आसनसोल आते हैं और लोगों के सुख-दुख में शामिल होते हैं उन्होंने पोस्टर लगाने को भाजपा की साजिश बताया और कहा कि भाजपा राजनीतिक रूप से दिवालिया हो चुकी है इसलिए इस तरह की हरकतें कर रही है।
















