बेहद आर्थिक रूप से कमजोर कुल्टी का युवक सीए पास कर नाम किया रौशन
कुल्टी । कुल्टी के रहने वाले आदर्श प्रसाद ने वह कारनामा कर दिखाया है जिसके बारे में सुनकरलोग हैरत में पड़ गए हैं। एक बेहद आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न वर्ग से आए आदर्श प्रसाद ने चार्टर्ड अकाउंटेंट का एग्जाम पास किया और दिखा दिया कि अगर जज्बा हो तो कोई मंजिल दूर नहीं। आदर्श प्रसाद कुल्टी के रहने वाले हैं। उनके पिता हॉकरी करते हैं। उनकी मां हाउसवाइफ है। आदर्श ने बताया कि उनके पिता दुर्गेश प्रसाद ने कभी भी गरीबी को उनके शिक्षा में अड़चन बने नहीं दिया और न सिर्फ उनको बल्कि उनके छोटे भाई को भी चार्टर्ड अकाउंटेंट की पढ़ाई कोलकाता से करवा रहे हैं और उनकी बहन भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
आदर्श ने कहा कि उन्होंने बहुत मुश्किलों में इस सफलता को हासिल किया है। अब वह चाहते हैं कि वह एक अच्छी नौकरी ढूंढ कर अपने माता-पिता का भविष्य में ख्याल रख सके। जब हमने उनके माता-पिता और अन्य परिजनों से बात की तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने उन्हें गौरवान्वित किया है और इसके लिए उन्होंने ईश्वर के साथ-साथ और सभी को धन्यवाद दिया। जिन्होंने उनके बेटे के सफलता में हाथ बंटाया है।
















