सीपीआई के 100 वर्ष पूरी होने पर कोलकाता में निकाली जाएगी रैली – सपन बनर्जी
आसनसोल । कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया के राज्य सचिव सपन बनर्जी बुधवार आसनसोल के चेलीडंगाल स्थित एआईटीयूसी कार्यालय में डिस्टिक काउंसिल मीटिंग में शिरकत करने पहुंचे। उन्होंने यहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी 26 दिसंबर को कोलकाता में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया की तरफ से विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली पार्टी के 100 साल पूरे होने के अवसर पर निकाली जाएगी। लेनिन मूर्ति के निकट से निकलकर यह रैली राजा बाजार मोड़ तक जाएगी। रैली में लोगों को भाजपा हटाओ देश बचाओ और टीएमसी हटाओ राज्य बचाओ का आव्हान किया जाएगा। इसके साथ ही संविधान की रक्षा के स्लोगन दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज अगर इस देश और राज्य में लोकतंत्र की रक्षा करनी है तो वामपंथी शक्तियों को मजबूत करना होगा। इसके लिए जैसे धन की आवश्यकता होगी, उसके लिए लोगों तक पहुंचना होगा। लोगों को जागरूक करने के लिए ही इस रैली का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जो लोग लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को मजबूत करना चाहते हैं। उन लोगों तक पहुंचना जरूरी है। ताकि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा और टीएमसी को परास्त किया जा सके। वही बंगाल में चल रहे एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि अगर इसका उद्देश्य बंगाल में एक पारदर्शी मतदाता सूची बनाना है। वह इसका स्वागत करते हैं लेकिन जिस तरह से बिहार में देखा गया कि एसआईआर के जरिए भाजपा का फायदा पहुंचाने का प्रयास किया गया तो उसका विरोध करना होगा।












