भारत देश की आजादी से पहले जन्म लेने वाले वरिष्ठ मतदाताओं को चुनाव आयोग की ओर से किया गया सम्मानित
अंडाल । देश के अन्य राज्यों के साथ पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची की विशेष गहन निरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू हो गई है। घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच फॉर्म का वितरण, भरे हुए फॉर्म के संग्रह के साथ-साथ डिजिटलीकरण का काम लगभग अंतिम चरण में है। इस माहौल में आयोग ने आम मतदाताओं को इस प्रक्रिया में भाग लेने का संदेश देने के लिए उन वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित किया। जिनका आजादी से पहले जन्म हुआ था। गुरुवार को अंडाल प्रखंड के खांद्रा पंचायत के बूथ संख्या 164 निवासी हराधन नंदी (90), तेजनारायण साव (78) और शेफाली रानी घोष (82) नामक तीन वरिष्ठ मतदाताओं को चुनाव आयोग की ओर से सम्मानित किया गया।
इन सभी लोगों को सम्मानित करने के लिए उनके घर पर अंडाल प्रखंड के बीडीओ देबंजन दत्ता, रानीगंज विधानसभा प्रभारी ईआरओ महाद्युति अधिकारी, खांद्रा ग्राम पंचायत के सुपरवाइजर कमल मुखर्जी उनके साथ उस बूथ के बीएलओ अरिंदम घोष उपस्थित थे। सभी वरिष्ठ नागरिकों को शॉल, राष्ट्रीय ध्वज एवं मिठाई के पैकेट देकर सम्मानित किया गया।












