आसनसोल में 2026 चुनाव के सरगर्मी शुरू, भाजपा और तृणमूल का पलटवार
2026 के चुनाव में बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी और पश्चिम बर्दवान के सभी 9 सीटों पर भाजपा ही जीत दर्ज करेगी – कृष्णा प्रसाद
आसनसोल । राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर आसनसोल के शीतला स्थित भाजपा के जिला कार्यालय में सोमवार भाजपा ने पत्रकार सम्मेलन किया। राज्य के कानून एवं श्रम मंत्री मलय घटक और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। सनद रहे बीते रविवार को टीएमसी की एक सभा में मंत्री मलय घटक ने आरोप लगाया था कि 29 नवंबर को भाजपा की सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के साथ ‘लोहा माफिया’ और ‘भूमि माफिया’ मौजूद थे।
वहीं इसके जवाब में भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर मंत्री को मालूम है कि माफिया कौन है, तो पुलिस उन्हें जेल क्यों नहीं भेज रहा। उन्होंने कहा कि किसके घर पर छापामारी हुआ था। मंत्री को बार बार ईडी का बुलावा क्यों आ रहा था। जनता सब कुछ जानती है। इस बार इसका जवाब जनता जरूर देगी।
वहीं भाजपा के युवा नेता सह विशिष्ट समाजसेवी, धार्मिक प्रवृति के धनी, हिन्दी भाषी नेता कृष्णा प्रसाद ने कहा कि बीजेपी की परिवर्तन सभा को देखकर टीएमसी पूरी तरह से घबरा गई है। मंत्री के पांव तले जमीन खिसक चुकी है। आज पूरे शिल्पांचल में माफियातंत्र हावी हो चुका है। रेलपार में 350 करोड़ के घोटाला किसके शह पर हुआ? घोटाला करने वाले को सरेंडर करवाकर किसके शह पर बचाया गया? यह सबको पता है। बीते 15 वर्षों के काले-कारनामों की सारी कुंडली जल्द ही परत दर परत खुलने वाली है। 2026 के चुनाव में बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी और पश्चिम बर्दवान के सभी 9 सीटों पर भाजपा ही जीत दर्ज करेगी।
भाजपा के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए टीएमसी ब्लॉक 1 अध्यक्ष और एमएमआईसी गुरुदास (रॉकेट) चटर्जी ने कहा कि मंत्री मलय घटक ने जो कहा वह सच है और सच कड़वा होता है, इसलिए भाजपा को नींद नहीं आ रही है। भाजपा माफियाओं का साथ देकर पिछले दरवाजे से बंगाल पर कब्जा करना चाहती है, जो कभी सफल नहीं होगा। उन्होंने रेलपार में नशे के कारोबार पर कहा कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहा है और टीएमसी जन जागरूकता फैला रही है।
