पथश्री योजना के तहत निगम को 254 कार्य उपलब्ध हुए हैं, इसके लिए 105 करोड रुपए पास किए गए – अमरनाथ चटर्जी
आसनसोल । आसनसोल नगर निगम के मुखोमुखि सभागार में गुरुवार एक जरूरी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पूरे राज्य के साथ-साथ आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के लिए भी पथश्री योजना का उद्घाटन किया गया। मौके पर आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, उपमेयर वशिमुल हक विभिन्न विभागों के एमएमआईसी, बोरो चेयरमैन तथा आसनसोल नगर निगम के अन्य अधिकारी और राज्य सरकार के इस योजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मौके पर इस परियोजना को लेकर चर्चा हुई और अधिकारियों ने बताया कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में इस योजना के तहत किस तरह से कम होगा और किस-किस वार्ड में इसके तहत सड़क बनाई जाएगी या उनकी मरम्मत की जाएगी।
इस संदर्भ में निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी से बात की तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा राज्य के लोगों के विकास के लिए कई जनकल्याणकारी परियोजना चलाई जाती हैं। पथश्री भी ऐसी ही एक योजना है। उन्होंने कहा कि इसके जरिए आसनसोल नगर निगम को 254 कार्य उपलब्ध हुए हैं और इसके लिए 105 करोड रुपया पास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में लगभग 200 किलोमीटर रास्ते के निर्माण या मरम्मत का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा 100 के लगभग जनकल्याणकारी परियोजना चलाई जाती हैं, उनमें से कई परियोजनाओं को विश्व स्तर पर मान्यता और स्वीकृति मिल चुकी है।
ऐसे में दूसरे राज्य मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जनकल्याणकारी योजनाओं के नकल करते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदर्शों पर चलते हुए आसनसोल नगर निगम भी हमेशा लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा और सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करता रहता है।












