अग्निवीर की तरह कारखानों में श्रमिकवीर लाने की हो रही साजिश
इंटक ने गेट मीटिंग कर सेल प्रबंधन के साथ चार श्रमिक कोड का जताया विरोध
बर्नपुर(भरत पासवान)। सेल आईएसपी में सक्रिय इंटक से संबद्ध आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन एवं ठेकेदार मजदूर कांग्रेस की ओर से शुक्रवार की शाम स्कोब गेट समक्ष गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। गेट को संबोधित करते हुए इंटक नेताओं ने केंद्र सरकार द्वारा हाल में लागू किए गए चार श्रमिक कोड को अविलंब रद्द करने की मांग करने के साथ आईएसपी को निजीकरण की तरफ धकेलने के प्रयास की कड़ी आलोचना की। साथ ही आईएसपी के स्कूल, अस्पताल सहित अन्य इकाइयों को निजी हाथों में सौंपने का विरोध जताया। इसके अलावा श्रमिकों के लंबित मांगों में 39 माह के बकाया एरियर, एचआरए, नाइट अलाउंस सहित अन्य मांगों पर सेल प्रबंधन से शीघ्र पहल करने पर जोर दिया।
इस दौरान उपस्थित यूनियन के अध्यक्ष हरजीत सिंह ने कहा कि केंद्र की श्रमिक विरोधी सरकार सेना में अग्निवीर की तरह अब सरकारी कल कारखानों में श्रमिक वीर लाने का प्रयास कर रही है। इसी के तहत श्रमिकों के सभी मांगों को पूरा करने के बजाय अधिकारों को छीनने के लिए चार श्रमिक कोड लागू किया गया है। इसके विरोध में इंटक सहित अन्य श्रमिक संगठन लगातार आंदोलन कर रही है। वहीं यूनियन के सचिव विप्लव माझी ने बताया कि लागू किए गए चार श्रमिक कोड को रद्द करने के साथ आईएसपी के अस्पताल, स्कूलों को निजीकरण में धकेलने का विरोध करते हुए गेट मीटिंग किया गया। प्रबंधन अपनी जिम्मेवारी को निभाने के बजाय भाग रही है। जिसका पुरजोर तरीके से विरोध किया जा रहा है। वहीं इस गेट मीटिंग इंटक यूनियन के अध्यक्ष हरजीत सिंह, महासचिव विप्लव माझी, सचिव विवेकानंद कुमार, गुरमीत सिंह, ठेकेदार मजदूर कांग्रेस के महासचिव अजय राय, अध्यक्ष विजय सिंह, मोहम्मद अनवर, अशोक श्रीवास्तव, प्रदीप साह, गौर माझी, अजय दुबे, प्रेम सिंह, दीपक कुमार, असगर अली, हरदीप सिंह, धर्मेंद्र कुमार, विष्णुदेव सिंह, भागवत कुमार, आलोक महापात्रा, प्रवीण कुमार, सोमनाथ पाल, राकेश सिंह सहित दर्जनों कर्मी, समर्थक मौजूद थे।
