छात्रा पर छींटाकशी के बाद बाहरी युवकों ने छात्रों को पीटा, स्कूल में अनुशासन नहीं होने का लोगों ने लगाया आरोप
बर्नपुर(भरत पासवान)। हीरापुर थाना अंतर्गत 8 नंबर स्थित स्कूल में बाहरी युवकों पर स्कूल के छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस घटना से स्कूल के बाहर अफरा तफरी का माहौल रहा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची हीरापुर थाना पुलिस ने जांच पड़ताल की। जानकारी के अनुसार 8 नंबर बस्ती इलाके में स्थित महात्मा गांधी हाई स्कूल में गुरुवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब अभिभावकों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि इस क्षेत्र के खटाल इलाके कुछ युवक स्कूल के अंदर आए और उन्होंने स्कूल के कुछ छात्रों के साथ मारपीट किया। लोगों के साथ अभिभावकों का आरोप है कि छात्रों को उन युवकों ने बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। पूरा विवाद एक छात्रा से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि एक छात्र द्वारा उक्त छात्रा को छींटाकशी करते हुए मोटी कहा गया, जिसके बाद छात्रा के कहने पर पहुंचे कुछ युवकों ने छात्रों से मारपीट की।
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने भी एक पीड़ित छात्र से घटना की जानकारी ली। दूसरी तरफ अभिभावकों के साथ स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल में अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं है और कभी भी कोई बाहरी व्यक्ति स्कूल में आकर इस तरह की घटना को अंजाम दे सकता है। यह पहली घटना नहीं है कि स्कूल के भीतर जाकर बाहरी लोगों ने मारपीट की घटना की अंजाम दिया हो। हालांकि इस संबंध में स्कूल के प्रधानाध्यापक जैनुल आबेदीन ने कहा कि उन्हें इस बात का पता नहीं है कि स्कूल के किसी विद्यार्थी को चोट लगी है या नहीं और उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर के अंदर कोई हंगामा नहीं हुआ। घटना स्कूल के बाहर घटी है। इसलिए स्कूल के बाहर क्या हुआ है उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।













