बीसीसीएल की खदान में तीन लोगों की मौत, जांच शुरू
कुल्टी । मंगलवार बीसीसीएल के दामा गड़िया खुला ओसीपी में तीन लोगों के दबने से मौत हो गई। आरोप है कि वे वहां कोयला चोरी करने गए थे, जब वह दुर्घटना का शिकार हो गए। बुधवार पुलिस और सीआईएसएफ के अधिकारी वहां निरीक्षण करने गए और कल क्या हुआ था, इसकी जांच शुरू की। सीआईएसएफ के अधिकारी ने कहा कि कल जहां दुर्घटना हुई, वह अत्यंत खतरनाक जगह है और वहां किसी व्यक्ति का जाना मना है। उन्होंने कहा कि जांच कर देखा जा रहा है कि कैसे यह घटना हुई।
दामा गड़िया प्रोजेक्ट अधिकारी धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि कोलियरी की ओर से हर तरह से कोशिश की जाती है कि वहां कोई न घुसे। उन्होंने कहा कि जहां कल दुर्घटना हुई, वहां कंटीले तार दिए गए हैं और 50 फिट ऊंची दीवार है, फिर भी लोग वहां कैसे गए, इसकी जांच होगी। उन्होंने कहा कि कोलियरी की ओर से लगातार प्रचार किया जाता है कि लोग अवैध उत्खनन न करें और कोशिश की जाती है कि इस अवैध उत्खनन को रोका जा सके।













