आसनसोल में वरिष्ठ पत्रकार परितोष सान्याल का निधन, शोक की लहर
आसनसोल । आसनसोल के वरिष्ठ पत्रकार परितोष सान्याल का शनिवार एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह लगभग 70 वर्ष के थे और अपनी पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। परितोष सान्याल सारा दिन पैदल घूम-घूम कर न्यूज कवर करते थे और पत्रकारिता के प्रति उनके मन में जो जज्बा था वह किसी भी नए पत्रकार को पछाड़ सकता था।
आसनसोल महाबीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा ने परितोष सान्याल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि परितोष सान्याल सिर्फ पत्रकारों के लिए नहीं बल्कि सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत थे। उन्होंने यह दिखा दिया कि अगर किसी कार्य के प्रति सच्ची लगन हो तो उसे करने में उम्र कोई बाधा उत्पन्न नहीं करती।
अरुण शर्मा ने बताया कि सान्याल का महावीर स्थान मंदिर से बहुत लगाव था। प्रत्येक दिन काम पूरा करने के बाद रात में मंदिर आते थे। चाय बिस्कुट खाने के बाद ही वे अपने घर जाते थे। उनकी पत्नी के देहांत के बाद वे अकेला हो गए थे। वे प्रेमानंद जी महाराज का मंत्र प्रत्येक दिन जाप करते थे। सान्याल को मोक्ष की प्राप्ति हुई।
शनिवार की संध्या जब सान्याल मंदिर आए थे, उस समय वृंदावन से एक महात्मा मंदिर में आए थे। सान्याल महात्मा जी का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और घर जाते जाते उनको हार्ट अटैक आया। अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई। सान्याल के चले जाने से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।












