आसनसोल संस्कृति उत्सव और फिल्म फेस्टिवल 2026: 26 जनवरी से शुरू
आसनसोल । आसनसोल के रवींद्र भवन में आगामी 26 जनवरी से कालचरल एंड लिटरेरी फोरम ऑफ बंगाल द्वारा “आसनसोल संस्कृति उत्सव और फिल्म फेस्टिवल 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की घोषणा मंगलवार को आसनसोल कॉफी हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष और आसनसोल नगर निगम के पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी ने कहा कि आसनसोल फिल्म फेस्टिवल बीते वर्ष आयोजित किया गया था। इस वर्ष, “आसनसोल संस्कृति उत्सव और फिल्म फेस्टिवल 2026” अपने परंपरा को बनाए रखते हुए आयोजित किया जा रहा है। यह उत्सव 26 जनवरी से 29 जनवरी तक चलेगा।
इस उत्सव में बंगाली, हिंदी और उर्दू सिनेमा प्रदर्शित किए जाएंगे, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने बताया कि कई सांस्कृतिक व्यक्तित्वों ने इस आयोजन को इस वर्ष भी करने के लिए अनुरोध किया था, जिसके कारण इसे फिर से आयोजित किया जा रहा है।
उत्सव और फिल्म फेस्टिवल देखने के लिए विशेष पास की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजन स्थल पर शैलजानंद मुखोपाध्याय नामांकित एक सेल्फी पॉइंट बनाया जाएगा।
26 जनवरी को बंगाली सिनेमा “सोनार केल्ला” के साथ इस फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत होगी और 29 जनवरी को प्रदर्शित अंतिम फिल्म “शोले” होगी। इस वर्ष “शोले” को 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसके अलावा, कई प्रसिद्ध बंगाली, हिंदी और उर्दू फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें “पड़ोसन निकाह”, उत्तम कुमार की प्रसिद्ध बंगाली फिल्म “साढ़े 74” और अन्य कई फिल्में शामिल हैं।
उन्होंने कहा, इस साल उत्तम कुमार और संतोष दत्त अपने जीवन के 100 वर्ष पूरे कर रहे हैं। इसलिए उनकी स्मृति में चलचित्र उत्सव का आयोजन किया जाएगा और सुकांत भट्टाचार्य और भूपेन हजारिका की स्मृति में अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस साल सुकांत भट्टाचार्य के 100 वर्ष और भूपेन हजारिका के 101 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा, आसनसोल के अलावा जामुरिया, रानीगंज, कुल्टी, पांडवेश्वर और बाराबनी क्षेत्र के बुद्धिजीवी भी इस आयोजन में भाग ले रहे हैं।
