आसनसोल में तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प, कई घायल
आसनसोल । आसनसोल के भंगापांचिल स्थित ओल्ड स्टेशन हाई स्कूल स्थित हियरिंग सेंटर में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हिंसक झड़प हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा के असामाजिक तत्वों ने उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हमले के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आसनसोल के भंगापांचिल जीटी रोड जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। सड़क जाम के कारण लंबी दूरी तक वाहनों की कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। हालांकि, भाजपा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और इसे तृणमूल की राजनीतिक साजिश बताया है।
